SHEOHAR;महिला संवाद मंच पर उभरती गांव की महिलाओं का सर्वांगीण विकास की आकांक्षाएं
Today SHEOHAR News
SHEOHAR: महिला संवाद कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं की अपेक्षाओं और विचारों को सुनने की दिशा में राज्य सरकार की पहल सकारात्मक परिणाम देती प्रतीत हो रही है। संवाद श्रृंखला के सातवें दिन, शिवहर जिले के पांच प्रखंडों के अंतर्गत कुल 10 जीविका महिला ग्राम संगठनों में सफलतापूर्वक महिला संवाद का आयोजन किया गया।
इन कार्यक्रमों में महिलाओं की भागीदारी अत्यंत उत्साहपूर्ण रही। सरकार द्वारा संचालित महिला सशक्तिकरण योजनाओं पर आधारित वीडियो फिल्मों के माध्यम से प्रतिभागी महिलाएं योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर रही हैं, जिससे उनके ज्ञान में उल्लेखनीय वृद्धि हो रही है।
संवाद के खुले मंच पर महिलाएं निर्भीक होकर अपनी आकांक्षाएं और आवश्यकताओं को साझा कर रही हैं। इन आकांक्षाओं को डिजिटल माध्यम से संकलित किया जा रहा है, ताकि उन्हें भविष्य की नीतियों में सम्मिलित किया जा सके।
महिलाओं की प्रमुख मांगों में गांव के समग्र विकास की स्पष्ट झलक दिखाई देती है। वे सड़क, नाली, नल-जल सुदृढ़ीकरण, स्ट्रीट लाइट की स्थापना, पंचायत स्तर पर उच्च माध्यमिक विद्यालयों की स्थापना तथा गांव के अस्पतालों में महिला चिकित्सक और अल्ट्रासाउंड सुविधा जैसी आवश्यकताओं की मांग कर रही हैं। इसके अतिरिक्त, महिलाएं गांवों में रोजगार सृजन हेतु स्थानीय स्तर पर फैक्ट्री स्थापित करने की भी अपेक्षा रखती हैं, जिससे प्रवास की समस्या में कमी आ सके।
लक्ष्य जीविका महिला संकुल संघ की अध्यक्ष पूजा कुमारी ने बताया कि यह संवाद मंच न केवल जीविका की दीदियों के लिए, बल्कि पूरे समुदाय की महिलाओं के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रहा है। महिलाएं इस मंच पर निःसंकोच अपनी बात रख पा रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि ग्राम संगठन की दीदियाँ, स्वयं सहायता समूह की गैर-सदस्य महिलाओं को भी आमंत्रित करने हेतु उनके घर-घर जाकर निमंत्रण दे रही हैं। भीषण गर्मी के बावजूद महिलाओं का जोश और सहभागिता उल्लेखनीय है।
जिला परियोजना प्रबंधक गुलाम कौसर ने कहा कि महिला संवाद कार्यक्रम का दायित्व ग्रामीण विकास विभाग द्वारा जीविका को सौंपा जाना गौरव की बात है। वर्ष 2006 में एक बीज के रूप में शुरू हुआ जीविका, आज एक वटवृक्ष बन चुका है, जिससे समाज के हर वर्ग की महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं। जीविका की पहुँच घर-घर तक है, यही कारण है कि संवाद मंच पर हर वर्ग की महिलाएं अपनी अपेक्षाएं साझा कर रही हैं।
शिवहर की महिलाओं की ये आकांक्षाएं राज्य की भावी नीतियों के निर्धारण में एक महत्वपूर्ण आधार बनेंगी।
इस अवसर पर सभी प्रखंड परियोजना प्रबंधक, प्रखंड मेंटर्स, तथा पंचायत आयोजन दल के सदस्य पिपराही में मधुसूदन राम, आलोक कुमार, धीरज कुमार, सदर में चंदन कुमार, पुष्प रंजन कुमार, तरियानी में सोनी प्रियंका, शमा परवीन, पुरनहिया में रूपेश कुमार, अरुण कुमार, मधुरेश कुमार, डुमरी में गणेश पासवान, धीरेन्द्र मिश्रा, रविन्द्र कुमार, समेत सभी प्रखंडों में कुल 1700 से अधिक महिलाएं मौजूद उपस्थित थे।