SHEOHAR ; रसोई गैस के लिए, उपभोक्ताओं ने किया हंगामा*
शिवहर में रसोई गैस की किल्लत को लेकर गुरुवार को उपभोक्ताओं ने जमकर हंगामा किया। मामला शहर के लचका पुल स्थित HP Gas एजेंसी का बताया जा रहा है, जहां गैस नहीं मिलने से नाराज उपभोक्ताओं ने विरोध जताया।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि वे सभी जरूरी प्रक्रिया पूरी करने के बावजूद उन्हें गैस सिलेंडर नहीं दिया गया। इससे आक्रोशित लोगों ने एजेंसी के बाहर हंगामा शुरू कर दिया।
कई उपभोक्ताओं ने एजेंसी पर गैस सिलेंडर को ब्लैक में बेचने का भी आरोप लगाया। उनका कहना था कि आम उपभोक्ताओं को गैस नहीं दी जा रही है, जबकि कुछ लोगों को अधिक पैसे लेकर सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।
हंगामे की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस की टीम पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने एजेंसी प्रबंधन से भी बात की और मामले की जानकारी ली।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं उपभोक्ताओं ने प्रशासन से गैस वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।