SHEOHAR.व्यवहार न्यायालय से जागरूकता रथ रवाना,
14 मार्च को राष्ट्रीय लोक अदालत होगा आयोजन
शिवहर व्यवहार न्यायालय परिसर से बुधवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सौजन्य से राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार के लिए जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में घूमकर लोगों को लोक अदालत के माध्यम से सुलहनीय मामलों के त्वरित निपटारे के लिए जागरूक करेगा।इस मौके पर व्यवहार न्यायालय शिवहर के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश दीपक कुमार प्रधान एवं विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव ललन कुमार रजक सहित अन्य न्यायिक पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से रथ को रवाना किया।कार्यक्रम के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकार सचिव ललन कुमार रजक ने बताया कि 14 मार्च 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के मामले सुलहनीय हैं, वे अधिक से अधिक संख्या में लोक अदालत में पहुंचकर अपने मामलों का आपसी समझौते के आधार पर निपटारा करा सकते हैं।उन्होंने बताया कि लोक अदालत में बैंक लोन, चेक बाउंस, बिजली से जुड़े विवाद, आपराधिक सुलहनीय मामले, वैवाहिक विवाद सहित अन्य मामलों के निपटारे के लिए अलग-अलग बेंच लगाई जाएगी, ताकि लोगों को जल्द न्याय मिल सके।वहीं सचिव ने बताया कि इस बार लोक अदालत के लिए 898 से अधिक मामलों को चिन्हित किया गया है, जबकि बैंक लोन से संबंधित लगभग 6228 मामलों में नोटिस जारी किया गया है।