SHEOHAR.LPG की गहरा रहे संकट के बीच इसकी कालाबाजारी होने लगी*
घरेलू सिलेंडर 400 से 500 रुपये अधिक कीमत पर ब्लैक में बिक रहा
*शिवहर* त्योहार व आने वाली शादी विवाह को देखते हुए घरेलू एलपीजी के लिए भी मारा-मारी शुरू हो गई है। एलपीजी के लिए बुकिंग भी नहीं हो पा रही है।
कामर्शियल सिलेंडर बंद होने से घरेलू सिलेंडर का उपयोग भी बढ़ने लगा है। जिनको कामर्शियल सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं, वे चोरी-छुपे घरेलू सिलेंडर का उपयोग कर रहे हैं। इससे घरेलू सिलेंडर की आपूर्ति पर भी असर पड़ रहा है।
14.2 किलो का घरेलू सिलेंडर की कीमत वर्तमान समय में 1010 रुपये हो गई है, वही यह सिलेंडर ब्लैक में 1500 से 1600 रुपये में बिक रहा है।कामर्शियल सिलेंडर न मिलने पर चाय, समोसा, पकौडी, खस्ता आदि की दुकानों पर घरेलू सिलेंडर का प्रयोग किया जा रहा है।
रेस्टोरेंटों एवं होटल में भी चोरी-छिपे इन सिलेंडर से भोजन बनाया जा रहा है। 19 किलो का एलपीजी कामर्शियल सिलेंडर भी ब्लैक में 2500 रुपये में मिल रहा है।
अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब भारत में रसोई गैस की कीमतों पर भी साफ दिखने लगा है। मिडिल ईस्ट में सप्लाई प्रभावित होने से दुनियाभर में ईंधन और एलपीजी की कीमतों में तेजी आई है। इसी के चलते भारत में भी एलपीजी सिलेंडर महंगा हो गया है।
वहीं तेल कंपनियों ने घरेलू और कमर्शियल दोनों तरह के सिलेंडरों की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है, जिससे आम लोगों के साथ-साथ होटल और रेस्टोरेंट कारोबार पर भी असर पड़ रहा है।