SHEOHAR*खुशहाल परिवार के लिए पीयर ग्रुप बैठक का आयोजन*
Today SHEOHAR News
SHEOHAR: सदर प्रखंड के सरसौला पंचायत के शाहपुर ग्राम स्थित दुर्गा जीविका महिला ग्राम संगठन की दो और दो से अधिक माताओं के साथ पीयर ग्रुप की बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में स्वास्थ्य एवं पोषण की मास्टर रिसोर्स पर्सन रंभा देवी द्वारा खुशहाल परिवार की जानकारी दी गई।
बैठक में उपस्थित दीदियों को संबोधित करते हुए रंभा देवी ने कहा कि हम सभी चाहते हैं कि हमारा परिवार खुशहाल और स्वस्थ रहे। इसके लिए परिवार नियोजन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने परिवार नियोजन के साधनों को "खुशियों की टोकरी" बताते हुए इसके दो प्रकार—स्थाई एवं अस्थाई साधनों—की जानकारी दी। अस्थाई साधन नवदंपत्तियों और एक बच्चे वाली माताओं के लिए उपयुक्त हैं, जिनका उद्देश्य बच्चों के बीच कम से कम तीन वर्षों का अंतराल बनाए रखना है। इनमें माला एन, छाया गोली, कॉपर टी, अंतरा इंजेक्शन, कंडोम एवं आकस्मिक गोली शामिल हैं, जो आशा कार्यकर्ता एवं निकटतम स्वास्थ्य केंद्रों पर निःशुल्क उपलब्ध हैं।
स्थाई साधनों में पुरुष नसबंदी और महिला बंध्याकरण शामिल हैं, जो उन दंपत्तियों के लिए हैं जिनका परिवार पूर्ण हो चुका है।
इस अवसर पर पॉपुलेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया के जिला समन्वयक ज़ाहिद हुसैन ने कहा कि सभी साधन सुरक्षित हैं और इनका उपयोग कर परिवार को खुशहाल बनाया जा सकता है। वहीं स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रभारी प्रबंधक ओसामा हसन ने बताया कि "परिवार नियोजन अभिशरण कार्यक्रम (खुशहाल परिवार)" जीविका एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त पहल है, जिसमें पॉपुलेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया तकनीकी सहयोग प्रदान कर रहा है। यह कार्यक्रम बिहार के पांच ज़िलों—जहानाबाद, लक्खीसराय , औरंगाबाद, शेखपुरा एवं शिवहर—में चलाया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंतर्गत जानकी दीदी की सच्ची कहानी, कटोरी का खेल, चना मटर का खेल, गुब्बारे का खेल एवं रिश्तों के ताना-बाना जैसे रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से दीदियों को प्रेरित किया जा रहा है कि वे अपने परिवार को खुशहाल बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाएं।