SHEOHAR*पर्यावरण संरक्षण पर सख्ती: डीएम ने दिया सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध का कड़ा निर्देश*
*शिवहर* जिला पदाधिकारी प्रतिभा रानी की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय स्थित कक्ष में जिला पर्यावरण समिति, जिला गंगा समिति, सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंध समिति, जिला आर्द्रभूमि समिति एवं टास्क फोर्स की संयुक्त बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े विभिन्न अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
*इन मुद्दों पर हुआ मंथन*
बैठक के दौरान जिले में वायु प्रदूषण मापक यंत्र की स्थापना, पथ चौड़ीकरण एवं बांध सुदृढ़ीकरण में प्रभावित होने वाले वृक्षों के प्रतिपूरक वृक्षारोपण, कम्पोस्ट प्लांट के सुचारू संचालन पर विचार किया गया।
इसके साथ ही गंगा की सहायक बागमती नदी को प्रदूषणमुक्त बनाए रखने, बालू संसाधनों के संरक्षण, सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर प्रभावी प्रतिबंध, आर्द्रभूमि के संरक्षण एवं प्रबंधन तथा जंगली सूअर व अन्य वन्यजीवों से संबंधित शिकायतों के समाधान पर भी चर्चा हुई।
*डीएम ने दिए सख्त निर्देश*
जिला पदाधिकारी प्रतिभा रानी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध को सख्ती से लागू किया जाए। उन्होंने जन-जागरूकता अभियान तेज करने और उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। डीएम ने स्पष्ट किया कि पर्यावरणीय नियमों के अनुपालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी, जिला गंगा समिति, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, नगर परिषद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।