SHEOHAR.पैक्स एवं व्यापार मंडल प्रतिनिधियों को दिया गया एक दिवसीय प्रशिक्षण
शिवहर जिले में पैक्स अध्यक्षों, व्यापार मंडल अध्यक्षों और प्रबंधकों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन शहर के एक निजी हॉल में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी प्रतिभा रानी, जिला सहकारिता पदाधिकारी (DCO) संजीव कुमार तथा अन्य अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
प्रशिक्षण शिविर के दौरान जिलाधिकारी प्रतिभा रानी ने उपस्थित सभी प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि पैक्स (प्राथमिक कृषि साख समिति) ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। इनके माध्यम से किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पहुंचाया जाता है। उन्होंने पैक्स संचालन में पारदर्शिता, जवाबदेही और तकनीकी सुधारों पर विशेष जोर दिया।
वहीं डीसीओ संजीव कुमार ने पैक्स से जुड़े अधिकारों, कर्तव्यों और सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पैक्स के माध्यम से खाद्यान्न वितरण, कृषि ऋण, उर्वरक उपलब्धता सहित कई महत्वपूर्ण कार्य किए जाते हैं, जिन्हें और प्रभावी बनाने के लिए इस तरह के प्रशिक्षण आवश्यक हैं।
शिविर में उपस्थित अधिकारियों ने डिजिटल लेन-देन, रिकॉर्ड संधारण, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और किसानों के हित में बेहतर सेवा प्रदान करने जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही प्रतिभागियों के सवालों का समाधान भी किया गया।
इस मौके पर ओएसडी संदीप कुमार समेत अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य पैक्स और व्यापार मंडल से जुड़े पदाधिकारियों को सशक्त बनाकर जिले में सहकारिता व्यवस्था को और मजबूत करना है।