SHEOHAR ;रसोई गैस की पर्याप्त उपलब्धता, अफवाहों से बचने की अपील*
शिवहर जिले में घरेलू रसोई गैस (LPG) की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गैस की कोई कमी नहीं है और सभी गैस एजेंसियों के माध्यम से सुचारु रूप से वितरण किया जा रहा है।
प्रेस वार्ता के दौरान एडीएम ने बताया कि आम लोगों को घबराने की बिल्कुल आवश्यकता नहीं है। उन्होंने अपील की कि उपभोक्ता अनावश्यक रूप से गैस एजेंसियों पर भीड़ न लगाएं, बल्कि नियमानुसार गैस बुकिंग करें। बुकिंग के बाद 2 से 3 दिनों के भीतर गैस सिलेंडर उपभोक्ताओं के घर तक पहुंचाया जा रहा है।
जिले की सभी 20 गैस एजेंसियों को संबंधित ऑयल कंपनियों द्वारा प्रतिदिन मांग के अनुसार गैस की आपूर्ति की जा रही है। प्रशासन ने यह भी कहा कि भ्रामक खबरों और अफवाहों पर ध्यान न दें।
गैस वितरण व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए सरकार द्वारा बुकिंग के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई है।
शहरी क्षेत्रों के उपभोक्ता अपने अंतिम सिलेंडर की डिलीवरी के 25 दिनों बाद और ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ता 45 दिनों बाद नया सिलेंडर बुक कर सकते हैं।
इस माह में अब तक लगभग 39,000 उपभोक्ता गैस सिलेंडर प्राप्त कर चुके हैं, जिससे स्पष्ट है कि आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है।
जनता की समस्याओं के समाधान के लिए जिला नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है, जो प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक कार्यरत है। उपभोक्ता अपनी शिकायतें दूरभाष संख्या 06222-257060 एवं 06222-257061 पर दर्ज करा सकते हैं। अब तक 30 लोगों ने इस सुविधा का लाभ उठाया है और उनकी शिकायतों का त्वरित निवारण किया गया है।
इसके अलावा, प्रशासन द्वारा सख्ती बरतते हुए विभिन्न प्रतिष्ठानों और होटलों में जांच अभियान चलाया जा रहा है। अब तक 60 स्थानों पर छापेमारी की गई है, जहां स्थिति सामान्य पाई गई। अधिकारियों को नियमित रूप से जांच जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।