SHEOHAR सरकारी स्कूलों में हो जेईई-नीट की हो तैयारी, राजद नेता नवनीत झा ने उठाई मांग*
SHEOHAR* राष्ट्रीय जनता दल के वरिष्ठ नेता एवं सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता नवनीत कुमार झा ने जिले में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि शिवहर में कुछ सरकारी विद्यालयों को जेईई और नीट जैसी प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए चिन्हित किया जाना चाहिए।
*गुणवत्ता की खाई पाटने की जरूरत*
श्री झा ने कहा कि वर्तमान व्यवस्था संपन्न और साधारण परिवार के विद्यार्थियों के बीच पढ़ाई की गुणवत्ता की खाई को पाटने के बजाय बढ़ा रही है। यह गंभीर चिंतन का विषय है। उन्होंने कहा कि शिक्षक को सिर्फ शिक्षा तक ही सीमित रखना चाहिए ताकि वे छात्रों पर पूरा ध्यान दे सकें।
*आवासीय सुविधा से मिलेगा लाभ*
नवनीत झा ने सुझाव दिया कि चयनित सरकारी स्कूलों में जिले के मेधावी छात्र-छात्राओं को आवासीय सुविधा दी जाए। इससे सबसे ज्यादा फायदा समाज के जरूरतमंद बच्चों को मिलेगा और पढ़ाई में संसाधनों की भूमिका निर्णायक नहीं रह जाएगी। विशेषकर गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों की बच्चियों को इसका लाभ मिलेगा।
*डीएम-डीईओ से की अपील*
पूर्व विधानसभा प्रत्याशी नवनीत झा ने जिला पदाधिकारी प्रतिभा रानी एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी चंदन कुमार से अपील की कि जिले में जेईई और नीट की तैयारी के लिए सरकारी स्कूलों में व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि समाज को स्कूल-कॉलेज के नाम की नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की जरूरत है।
श्री झा ने कहा कि वर्तमान में प्रवेश परीक्षाओं और स्कूल की पढ़ाई में तालमेल न होने से परिणाम प्रतिकूल आ रहे हैं। सरकार पैसा खर्च कर रही है, लेकिन अपेक्षित परिणाम नहीं मिल रहे। इसका समाधान समाज और सरकार को मिलकर करना होगा।