*मुजफ्फरपुर में पूर्व मंत्री के करीबी की हत्या, सिर में मारी दो गोली*
मुजफ्फरपुर में सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया है. जिले के गरहा थाना क्षेत्र अंतर्गत मुरादपुर भगत गांव में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान हरिशंकर सिंह के रूप में हुई है. हरिशंकर सिंह बिहार के पूर्व मंत्री राम सूरत राय के करीबी थे.इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुट गई है. पूर्व मंत्री राम सूरत राय ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि मृतक उनके ही पंचायत का लड़का था और उनके परिवार से भी जुड़ा हुआ था. उन्होंने बताया कि युवक के सिर में गोली लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.इधर, मामले की जांच करने पहुंची डीएसपी विनीता सिन्हा ने बताया कि मुरादपुर भगत गांव में अज्ञात अपराधियों द्वारा हरिशंकर सिंह को गोली मारी गई. गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. उन्होंने बताया कि घटना स्थल की जांच के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को बुलाया गया है.