दिल्ली के द्वारका साउथ थाना क्षेत्र में बीती 3 फरवरी 2026 को एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। हादसा द्वाराका इलाके में हुआ। जहां दो कारों और एक बाइक की टक्कर में 23 वर्षीय बाइक सवार साहिल धनेश्रा की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया।द्वारका साउथ पुलिस स्टेशन में सुबह 11.57 बजे इस हादसे की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस की एक टीम घटनास्थल पर पहुंची। द्वारका साउथ थाना क्षेत्र के लाल बहादुर शास्त्री कॉलेज के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने साहिल की बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी एक टैक्सी (डिजायर कार) से जा टकराई। हादसे में साहिल की मौत हो गई और टैक्सी चालक घायल हो गया। स्कॉर्पियो कार का चालक नाबालिग (17 वर्ष) बिना ड्राइविंग लाइसेंस के पाया गया। आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, आरोपी को जमानत मिल चुकी है, बताया गया कि आरोपी को बोर्ड परीक्षा के लिए अंतरिम जमानत दी गई है।