Asia Cup 2025 India Vs Korea: राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में भारतीय हॉकी टीम ने इतिहास रच दिया. रविवार (07 सितंबर) को भारत ने कोरिया को 4-1 से हराकर हीरो एशिया कप 2025 पर कब्जा किया. इसी के साथ भारतीय टीम ने 8 साल के सूखे को समाप्त किया. यह जीत भारतीय टीम के लिए काफी खास है. भारतीय टीम ने एशिया कप जीतने के साथ ही एफआईएच हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के लिए क्वालीफाई कर लिया है. बता दें कि ये चौथी बार है जब भारत ने एशिया कप का खिताब अपने नाम किया है.भारत के लिए दिलप्रीत सिंह ने दो, सुखजीत और अमित रोहिदास ने एक-एक गोल दागा. ट्रॉफी और वर्ल्ड कप टिकट के साथ सपना पूरा हुआ. बिहार खेल के लिए भाग्यशाली है. इतनी बड़ी प्रतियोगिता का यहां होना गर्व की बात है. राजगीर की धरती भारत के लिए सचमुच लकी साबित हो रही है. एशिया में भारत का परचम बिहार की इस पावन धरती से लहरा रहा है. राजगीर ऐतिहासिक स्थल है और आज यह भारत को नंबर वन बना रहा है. इससे पहले भारत ने 2003, 2007 और 2017 में एशिया कप जीता था. अब 2025 की जीत ने 2013 फाइनल की हार का हिसाब भी पूरा कर दिया.
भारत की ऐतिहासिक जीत पर पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा कि बिहार के राजगीर में आयोजित एशिया कप 2025 में शानदार जीत के लिए हमारी पुरुष हॉकी टीम को बधाई. यह जीत इसलिए और भी खास है क्योंकि उन्होंने गत विजेता दक्षिण कोरिया को हराया है. यह भारतीय हॉकी और भारतीय खेलों के लिए गौरव का क्षण है. हमारे खिलाड़ी और भी ऊंचाइयां छूते रहें और देश का नाम रोशन करते रहें, यही कामना है. जीत के बाद खिलाड़ियों को 3 लाख और सपोर्ट स्टाफ को 1.5 लाख इनाम देने का ऐलान हुआ. बिहार के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा और सम्राट चौधरी सहित कई नेताओं ने बिहार की धरती को भारतीय हॉकी के लिए भाग्यशाली बताया.