Today sheohar news;फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों चर्चा में हैं। वजह हैं उनकी पत्नी ब्रिजिट मैक्रों के साथ उनका रिश्ता, जिसे लेकर कई तरह की बातें चल रही हैं। दरअसल, इस पूरी चर्चा की शुरुआत मैक्रों के दक्षिण-पूर्व एशिया दौरे के साथ हुई। सोमवार (26 मई) को जब वे वियतनाम पहुंचे तो विमान से उतरने से ठीक पहले उनका एक वीडियो वायरल हो गया। इस वीडियो में जो कुछ दिखा, उसे लेकर अब तक फ्रांस के राष्ट्रपति कार्यालय से लेकर निजी तौर पर मैक्रों को भी सफाई देनी पड़ गई है। इस घटना के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मैक्रों के 32 साल पुराने रिश्ते पर ही सवाल उठाने शुरू कर दिए
ऐसे में यह जानना अहम है कि आखिर इमैनुएल मैक्रों के साथ हालिया घटना क्या हुई है, जिससे उनके और उनकी पत्नी ब्रिजिट मैक्रों के रिश्ते को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं? दोनों का रिश्ता कितना पुराना है? इमैनुएल मैक्रों ने आखिर कैसे अपने प्रेम में आमतौर पर उदारवादी मानी जाने वाली फ्रांस की पारिवारिक व्यवस्था में वह कर दिखाया, जो कि उस दौरान आम नहीं था? इसके अलावा कैसे इमैनुएल ने 15 साल की उम्र में हुए प्यार को अब तक बरकरार रखा है?
पहले जानें- क्या है हालिया स्लैपगेट स्कैंडल?
मैक्रों दंपती सोमवार को वियतनाम पहुंचे। जब उनका विमान यहां एयरपोर्ट पर लैंड हुआ तो यूनिफॉर्म पहने एक व्यक्ति दरवाजा खोलता है। इसी दौरान लिए गए एक वीडियो में देखा जा सकता है कि विमान से उतरने से पहले एक महिला के हाथ (लाल जैकेट में) अचानक सामने आते हैं और राष्ट्रपति मैक्रों के चेहरे को हल्का धक्का देते हैं – एक हाथ उनके मुंह और नाक पर होता है, दूसरा उनके जबड़े पर। इस अप्रत्याशित हरकत से मैक्रों थोड़े चौंक जाते हैं और पीछे हटते हैं।
इसी वीडियो में दिखाया गया है कि मैक्रों धक्का दिए जाने के बाद बाहर मौजूद कैमरों को देख लेते हैं और असहज होने के बावजूद मुस्कुरा कर हाथ हिलाते हैं। इसके बाद दोनों पति-पत्नी सीढ़ियों से नीचे आते हैं, हालांकि इमैनुएल मैक्रों की तरफ से आगे बढ़ाए गए हाथ को ब्रिजिट पकड़ने से इनकार करती देखी जा सकती हैं।
सोशल मीडिया में इस घटना को स्लैपगेट स्कैंडल करार दिया जा रहा है। हालांकि, इसका वीडियो वायरल होने के बाद फ्रांस के राष्ट्रपति भवन- एलिसी पैलेस ने सफाई जारी की। उन्होंने इसे कोई विवाद नहीं बल्कि एक निजी, मजाकिया पल बताया। वहीं राष्ट्रपति कार्यालय के एक अधिकारी ने कहा, 'यह वह क्षण था जब राष्ट्रपति और उनकी पत्नी दौरे की शुरुआत से पहले थोड़ा हल्का-फुल्का मूड बना रहे थे। यह करीबी और मस्ती भरा पल था।' वहीं एक अन्य अधिकारी ने फ्रांस के न्यूज चैनल बीएफएमटीवी को बताया, 'यह हल्की नोकझोंक थी, कोई गंभीर बात नहीं।'